दतिया जिले की मेधावी छात्राओं का भव्य सम्मान, ।

KHABAR AAPTAK NEWS INDIA
दतिया ब्यूरो दीपक श्रीवास्तव
रिपोर्टर चेतन दास सुखानी

शासकीय कन्या हाई स्कूल होलीपुरा की बेटियों ने बढ़ाया गौरव

दतिया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में शासकीय कन्या हाई स्कूल होलीपुरा की प्रतिभाशाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डाइट प्राचार्य यू. एन. मिश्रा एवं सहायक संचालक सुश्री मुस्कान दिनकर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर जिले की मेरिट सूची में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली कुमारी महक मिश्रा को मंच पर सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अतिथियों ने महक की इस उपलब्धि को न केवल उनके परिवार बल्कि शासकीय कन्या हाई स्कूल होलीपुरा एवं पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही इस प्रकार की सफलता संभव होती है।
कार्यक्रम में विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली अन्य छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली कुमारी मुस्कान जोशी एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली कुमारी शिव यादव को पुस्तकों का सेट भेंट कर प्रोत्साहित किया गया, ताकि वे भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रहें। अतिथियों ने छात्राओं को निरंतर अध्ययन, समय प्रबंधन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के प्राचार्य सेंगर ने अपने संबोधन में कहा कि शासकीय कन्या हाई स्कूल होलीपुरा की छात्राओं की यह सफलता विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन और छात्राओं की मेहनत को इस उपलब्धि का मुख्य आधार बताया। साथ ही अभिभावकों के सहयोग को भी सराहा, जिनके समर्थन से छात्राएं इस मुकाम तक पहुंच पाईं।कार्यक्रम का संचालक शैलेन्द्र खरे द्वारा किया गया 
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार पंकज श्रीवास्तव जितेंद्र गोस्वामी दीपक श्रीवास्तव एवं विकास जड़िया भी उपस्थित रहे ।ऋषिराज मिश्रा, धर्मेंद्र अग्रवाल, आरती सक्सैना, ममता तिवारी, सीमा यादव, हर्षा अग्रवाल, सौरव खरे, अश्वनी पांडे, हरेंद्र चौरसिया सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का वातावरण उत्साह एवं प्रेरणा से भरा हुआ रहा। अंत में सभी ने यह संकल्प लिया कि भविष्य में भी शासकीय कन्या हाई स्कूल होलीपुरा में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता को बढ़ावा देते हुए छात्राओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।

Comments